महराजगंज। सड़क हादसे में घायल हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी की मौत 28 जनवरी को इलाज के दौरान लखनऊ में हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हादसा 19 जनवरी की शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के बरवां विद्यापति के पास हुआ था। हिमांशु श्याम देउरवा थाना अंतर्गत परतावल पुलिस चौकी पर तैनात थे और देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र ग्राम पिंडी, पंडित टोला के निवासी थे।
उस दिन वे किसी आवश्यक कार्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए थे। अपने वाहन से चौकी से लौटते समय से तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से उनका वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर बनी रहने पर उन्हें गोरखपुर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां 26 जनवरी तक इलाज चला। सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया। दुर्घटना में लगी चोटों के कारण 28 जनवरी को उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी गौरी ने 10 फरवरी को थाना सदर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।