मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव में सड़क हादसे में 9 वर्षीय मासूम की मौत मामले में पुलिस ने नामजद बाइक चालक पर प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के तीन दिन बाद मृतका की मां की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कला निवासी खालिदा जिया पत्नी सज्जाद ने थाना सिंदुरिया दी गई तहरीर में बताया कि 14 जुलाई की शाम करीब चार बजे उनकी नौ वर्षीय पुत्री आयात नूर सड़क पर पैदल जा रही थी। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि बाइक चालक सत्यानंद पुत्र सुधारे प्रजापति, निवासी बगही थाना कोठीभार, दुर्घटना के बाद घायल बच्ची की सहायता करने के बजाय मौके से भाग गया। थाना प्रभारी विशाल शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है।