महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा परसिया इंदरपुर में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने चाकू से युवक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी परतावल पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
परसिया इंदरपुर निवासी दयाशंकर प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को उनके बोरिंग पर से गांव का ही एक व्यक्ति पंपिंग सेट लगाकर पानी चला रहा था। पानी मेरे दीवार पर गिर रहा था। मैंने इसका विरोध किया तो गला दबाकर पिटाई कर दी। लोगों ने बीचबचाव कराया। रात में करीब आठ बजे मेरा बेटा विमलेश कुमार आया तो आरोपी से मुझे मारने-पीटने का कारण पूछा। इससे वह उग्र हो गया और अपने भाई व चाचा के साथ मिलकर विमलेश की पिटाई कर दी। राज ने मेरे बेटे के गले पर चाकू से हमला कर दिया। बीच बचाव करने मैं पहुंचा तो मेरी भी पिटाई कर दी। गंभीर हालत में विमलेश को सीएचसी परतावल ले जाया गया जहां से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।