फरेंदा। गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर धानी ढाला के समीप स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकान का शटर तोड़कर चोर नकदी उड़ा ले गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 अटल नगर निवासी तीजू राम मौर्या की धानी ढाले के समीप सिधवारी मेन रोड पर बिल्डिंग मटेरियल और हार्डवेयर की दुकान है। मंगलवार की रात में वह दुकान बंदकर घर चले गए। बुधवार की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा शटर टूटा हुआ है और कैश काउंटर खुला है। उसमें रखे करीब पांच हजार रुपये गायब हैं।
उन्होंने सूचना पुलिस को दी। जिस पर चौकी इंचार्ज गंगाराम यादव ने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखा और जांच पड़ताल किए। इससे पहले भी दुकान से छह अप्रैल 2023 को कैश काउंटर में रखा 5 लाख 45 हजार रुपये चोर उड़ा ले गए थे। इसके बाद दुकानदार ने दुकान में सीसीटीवी लगवा दिया था। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।