बोरियां बदलकर खाद की कालाबाजारी का भंडाफोड़
नौतनवां (महराजगंज)। एसडीएम राम सजीवन मौर्य ने रविवार सुबह करीब 6 बजे मुखबिर की सूचना पर बरगदवां थाना क्षेत्र के महान नाला टोला बरगदवां स्थित एक मकान व दुकान में छापा मारकर खाद की बोरियां बदलकर उसकी कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। मौके से दुकान संचालक सिलाई मशीन लेकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों की खाली व भरी बोरियों को बरामद कर एसडीएम ने आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत किया है।
एसडीएम राम सजीवन मौर्य ने बताया कि बरगदवां थाना क्षेत्र के महान नाला टोला बरगदवां स्थित सुरेंद्र रौनियार के मकान/दुकान में खाद की बोरियां बदलकर उसकी कालाबाजारी तथा तस्करी कराने कि सूचना मिली। मौके पर छापा के लिए पहुंचे तो संचालक सिलाई मशीन लेकर पीछे के रास्ते से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान उक्त मकान से 11 बोरी यूरिया सहित विभिन्न कंपनियों की आधी खुली हुई खाद के बोरियों की बरामदगी हुई। वहीं मौके से बायो कैश पोटाश गोदावरी खाद की पुरानी तथा आईपीएल एवं इफको कंपनी के खाद की दर्जनों खाली बोरियां जब्त की गईं।
उन्होंने बताया कि मौके की स्थिति को देख प्रथम दृष्टया मामला प्रतीत हुआ कि पोटाश खाद की बोरियों को खाली कर उसे नई आईपीएल एवं इफको की बोरियों में पैक कर डीएपी खाद के रूप में बिक्री की जा रही थी। विक्रेता के पास खाद बिक्री का कोई भी वैध लाइसेंस भी मौजूद नहीं था। एसडीएम ने बताया कि पूरे मामले से संबंधित रिपोर्ट बनाकर आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है।