भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के जद्दू पिपरा में मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद में लाठी-डंडे और रॉड से एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता मेराज निवासी जद्दू पिपरा थाना भिटौली ने बताया कि 14 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे उनके बेटे नसीम को गांव के ही पप्पू उर्फ नबी अहमद, अशरफ और उसके भांजे हाशिम ने गाली-गलौज करते हुए मारापीटा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने बिना कुछ सोचे-समझे उन पर भी लाठी, डंडा और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।
इस दौरान बीच-बचाव करने आए अहमद रजा को भी आरोपियों ने पीट दिया। मारपीट में सभी को चोटें आई हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में मेराज खान ने भिटौली थाने में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने मामले का संज्ञान में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। भिटौली एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर सभी आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।