चना, मटर, मसूर, तोरिया और सरसों के बीज का भी लक्ष्य तय, अनुदान के लिए बुकिंग जरूरी
महराजगंज। रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने बीज वितरण का खाका तैयार कर लिया है। इस बार जिले में किसानों को अनुदान पर 22692 कुंतल गेहूं का बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा दलहन और तिलहन की विभिन्न फसलों के बीज वितरण का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। अनुदान पर बीज और मिनी किट के लिए किसानों को पहले बुकिंग करानी होगी।
कृषि विभाग के अनुसार गेहूं के कुल लक्ष्य में 22644 कुंतल बीज सामान्य अनुदान के तहत वितरित किया जाएगा। वहीं, 48 कुंतल बीज प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। विभाग का प्रयास है कि रबी सीजन में किसानों को समय से प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध हो सके, जिससे फसलों की पैदावार बेहतर हो। गेहूं के अलावा दलहन और तिलहन फसलों के लिए भी बीज वितरण का लक्ष्य तैयार किया गया है।
किसानों को चना के 53 कुंतल, मटर के 109 कुंतल और मसूर के 605.16 कुंतल बीज उपलब्ध कराने की योजना है। इसी तरह तोरिया के 15 कुंतल और राई-सरसों के 254.80 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। कृषि विभाग की ओर से दलहन और तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए नि:शुल्क मिनी किट का भी प्रबंध किया गया है। इससे किसानों को इन फसलों की खेती के लिए बेहतर बीज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विभाग की ओर से किसानों को रबी सीजन में समय से बुआई करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
मोबाइल से भी करा सकते हैं बुकिंग
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को बुकिंग कराना अनिवार्य है। किसान अपने मोबाइल से बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा जनसेवा केंद्र या सभी ब्लॉकों में स्थित विभाग के बीज गोदाम पर पहुंचकर भी बुकिंग कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि बीज की बुकिंग का कार्य चल रहा है। किसान समय से बुकिंग कराकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनुदान पर बीज प्राप्त कर सकते हैं।