बागापार। सदर क्षेत्र के किसान जंगली जानवरों से परेशान हैं। इससे शुक्रवार को उनका आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने बागापार कस्बे में स्थित तिराहे पर जिला प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन किया और जंगली जानवरों पर रोक लगाने के लिए जंगल के किनारे तारबाड़ करने की मांग की।
किसानों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि मेहनत से अपने खेत में गेहूं, दलहन, तिलहन, सब्जी, गन्ने की फसल लगाए हैं। रात में सैकड़ों की झुंड में नीलगाय, सुअर, बंदर, हिरन खेतों में घुसकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे हर साल लाखों का नुकसान हो रहा है, लेकिन जिला प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं देता है। फसल बचाने के लिए भीषण ठंड में किसान रात भर खेत की रखवाली कर रहे हैं।
विश्वनाथ यादव ने कहा कि अगर जंगल के किनारे कंटीले तारबाड़ लगवाकर सुरक्षा खाई खोदवा दी जाए तो जानवर जंगल से बाहर नहीं निकल पाते। उनकी फसल भी बच जाती। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान न होने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस मौके पर रामराज चौरसिया, उमेश चंद, श्रीपत वर्मा, शैलेंद्र यादव, दृगपाल चौधरी, प्रभुदयाल साहनी, हरेंद्र गौतम, सब्बीर अली, सतीश शुक्ल, रणविजय चौधरी मौजूद रहे।