नौतनवा। रेल मंत्रालय ने कोरोना काल से बढ़ा किराया वापस ले लिया है। इससे यात्रियों में खुशी की लहर है। नौतनवा रेलवे स्टेशन से रोजाना करीब एक हजार यात्री पैसेंजर ट्रेनों से यात्रा करते हैं। नौतनवा रेलवे स्टेशन से सुबह 06:05 बजे, 09:40 बजे और शाम 06:55 बजे पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर के लिए जाती हैं। इसके अलावा नौतनवा से इंटर सिटी एक्सप्रेस और दुर्ग एक्सप्रेस भी चलती है।
गोरखपुर नौतनवा रेल खंड पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्री बुधवार को सुबह जब नौतनवा रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन का टिकट लेने गए तो नौतनवा से गोरखपुर तक का किराया 25 रुपये लगा। पहले 45 रुपये लगता था। इसी प्रकार नौतनवा से नकहा जंगल तक 20 रुपये और नौतनवा से कैंपियरगंज तक यात्रा करने पर 10 रुपये का ही टिकट लगेगा। इस तरह से गोरखपुर तक ट्रेन का किराया 20 रुपया कम होने से यात्रियों में खुशी है उन्होंने किराया कम होने से खुशी जाहिर किया।
यात्री शारदा देवी ने बताया कि उन्हें गोरखपुर जाना है गोरखपुर जाने का 25 रुपये ही टिकट का लगा है पहले 45 रुपये देने पड़ते थे। निर्मला देवी ने बताया कि वह नौतनवां क्षेत्र के छितरापार गांव में एक शादी समारोह में दो दिन पहले आई थीं तो गोरखपुर से नौतनवा तक किराया 45 रुपये लगा था, लेकिन जब आज टिकट लेने गई तो 20 रुपये कम लगा। अखिलेश कुमार ने बताया कि सरकार ने पैसेंजर ट्रेनों का किराया कम किया है इससे ट्रेन से यात्रा करना बस की अपेक्षा बहुत कम है। मुनीर अहमद ने बताया कि गोरखपुर तक बस से यात्रा करने पर 140 रुपया लगता है और वही ट्रेन से यात्रा करने पर महज 25 रुपये ही लगा। इससे सफर करना आसान हो गया है। स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम ने बताया कि बुधवार से रेलवे प्रशासन ने पैसेंजर ट्रेनों का किराया कम किया है।