गैरजाहिर आठ अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब
महराजगंज। संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को हुआ। इस दौरान 397 मामले आए। इनमें 41 का ही मौके पर निस्तारण हो पाया। निचलौल में गैरहाजिर आठ अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। सदर तहसील में डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां 141 मामले आए। 20 मामलों का ही निस्तारण हो पाया।
डीएम ने बिजली की अनियमित कटौती पर नाराजगी जाहिर की। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि बिजली कटौती व उपभोक्ताओं को गलत विद्युत बिल के संबंध में स्वयं संज्ञान लेते हुए समाधान कराएं। डीएम ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस मामलों के निस्तारण में तेजी लाएं। इस दौरान प्रदीप गुप्ता, सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल, एसडीएम सदर साई तेजा सीलम आदि मौजूद रहे। फरेंदा तहसील सभागार में एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल ने समस्याओं को सुना। 137 मामलों में 11 का समाधान किया गया।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में एसडीएम प्रमोद कुमार ने समस्याओं को सुना। एसडीएम ने बताया कि 47 मामले आए। इसमें पांच मामलों को निस्तारण कर दिया गया। खंड विकास अधिकारी निचलौल, सिसवा, मिठौरा, आबकारी इंस्पेक्टर, एडीओएजी मिठौरा, उपनिबंधक निचलौल, चिकित्साधिकारी मिठौरा, उद्यान अधिकारी अनुपस्थित रहे। इनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में एसडीएम राम सजीवन मौर्य एवं सीओ कोमल प्रसाद मिश्र ने समस्याओं को सुना। इस दौरान 72 मामले आए। राजस्व से संबंधित पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान तहसीलदार राम अनुज त्रिपाठी, ईओ नौतनवां वीरेंद्र राव, ईओ सोनौली राजनाथ यादव, वाणिज्य कर अधिकारी मानवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।