महराजगंज। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज दो के तहत ग्राम निधि 06 से शासनादेश के विरुद्ध धनराशि की निकासी हुई है। इस मामले में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने 463 ग्राम प्रधानों व संबंधित सचिवों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि इन सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान व संबंधित सचिव अपना जवाब साक्ष्य सहित डीपीआरओ कार्यालय में एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चत करें। हिदायत दी कि अगर स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो इन ग्राम प्रधानों के खिलाफ पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई व सचिव के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाएगी।
पत्र जारी कर बताया गया है कि धानी ब्लाॅक के 20, फरेंदा में 76 व बृजमनगंज में 66 व लक्ष्मीपुर में 96, इसके अलावा नौतनवा में 97 जबकि निचलौल में 108, कुल 463 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों व सचिवों की ओर से वित्तीय वर्ष एक जून 2021 से लेकर 30 मई 2025 तक ग्राम निधि 06 से 21215284 रुपये की धनराशि व्यय की गई है, जबकि शासनादेश में स्पष्ट है कि ग्राम निधि 6 के खातों को बंद कर शेष धनराशि जनपद स्तर के खाते में स्थानांतरित किए जाने के निर्देश दिए गए थे।