परीक्षा के दौरान शहर में लगा जाम।
निचलौल मार्ग पर दोपहर व शाम के समय लगा जाम, हलकान रहे लोग
महराजगंज। शनिवार होमगार्ड भर्ती परीक्षा के कारण जाम की समस्या से निपटने के लिए की गई तैयारी काम नहीं आई। शनिवार को सक्सेना चौक से निचलौल मार्ग सुबह-शाम जाम से जूझता दिखा। पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के बाद भी लगभग 20 से 25 मिनट तक लोग जाम में फंसकर परेशान होते दिखे।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2025 की तैयारी लगभग एक सप्ताह से जिले में की जा रही थी। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा की रिपोर्ट पर बने 11 परीक्षा केंद्रों में सर्वाधिक छह केंद्र निचलौल रोड पर तय किए गए थे। इनमें जीएसवीएस, महराजगंज इंटर कॉलेज, जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज जहां सक्सेना चौक से सीमित दूरी पर तो तीन नगर से बाहर धनेवा में बनाए गए थे।
परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने डायवर्जन सुबह से ही प्रभावी किया था लेकिन दोपहर की परीक्षा समाप्त होने पर 12:30 तक इस मार्ग पर जाम के हालात बने रहे और लोग बाइक, कार व बस ऑटो में फंसकर रह गए। इसी तरह शाम पांच बजे के बाद का जाम भी 25 मिनट से अधिक रहा। जाम समाप्त कराने में यातायात इंस्पेक्टर अरुणेंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ जुटे रहे तब लोग इस अवधि को बिताने के बाद जाम से बाहर निकलने में सफल हो सके।