नौतनवा। नगर के एक्सिस बैंक शाखा के पास 20 फरवरी को कुशीनगर जनपद के अजय यादव के साथ दिनदहाड़े हुई लूट में शामिल चौथा आरोपी 19 दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस तीन आरोपियों को जेल भेज चुकी है और चौथे आरोपी के तलाश में लगी है।
कुशीनगर जनपद निवासी अजय यादव 20 फरवरी को सुबह लगभग साढ़े पांच बजे बस से नौतनवा के लिए निकले थे । लगभग साढ़े सात बजे नौतनवां कस्बा स्थित एक्सिस बैंक शाखा के पास बस से उतरकर पैदल चल रहे थे कि एक कार से चार लोग आए और अपने को क्राइम ब्रांच बताकर अजय यादव को जबरिया कार में बैठाकर चले गए और रास्ते में रुपए लूट कर कोल्हुई के पास के पास उतार कर चले गए। अजय यादव ने तहरीर में पांच लाख की लूट बताई थी लेकिन गिरफ्तार आरोपियों ने 35 लाख रुपए लूटने की बात कबूल किया। जेल गए तीन आरोपियों के पास से 18,8000 रुपए बरामद हुआ था। लूट में शामिल चौथे आरोपी विपुल सिंह उर्फ रणविजय सिंह निवासी मऊ जनपद के तलाश में पुलिस जुटी हुई है लेकिन 19 दिन बीत गए अभी तक वह पुलिस की पकड़ से दूर है। हालांकि तीन आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस की रफ्तार कुछ धीमी हो गई है। पीड़ित अजय यादव द्वारा लूट की रकम क्यों पांच लाख ही बताया और वह रुपए लेकर किसके पास जा रहा था अभी तक पुलिस इसका खुलासा नहीं कर पाई। क्षेत्राधिकारी जय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की टीमें चौथे आरोपी को पकड़ने में जुटी हुई है।