महराजगंज। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या ने लक्ष्मीपुर में आयोजित टीकाकरण सत्र का शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीन की गुणवत्ता, भंडारण और रखरखाव प्रणाली की जांच की।
आशा कार्यकर्ता रिंका के घर पर आयोजित टीकाकरण सत्र में वैक्सीन की उपयोग तिथि, समय, ड्यू लिस्ट, आशा डायरी और कोल्ड चेन प्रणाली की कार्यक्षमता का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान गर्भवतियों, बच्चों और किशोर-किशोरियों के टीकाकरण की स्थिति को यूविन पोर्टल पर जांच की गई। इसके अलावा, कोल्ड चेन प्वाइंट पर वैक्सीन के भंडारण, तापमान नियंत्रण, खपत, बर्बादी, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर और डिलीवरी प्वाइंट पर प्रसव और बर्थ डोज की प्रविष्टियों की समीक्षा की गई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने स्टाफ नर्सों से टीकों की रूट और डोज के बारे में जानकारी ली और अधीक्षक व बीपीएम के साथ टीकाकरण प्रक्रिया में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने लाभार्थियों से टीकाकरण के लाभ और वैक्सीन के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण बच्चों और गर्भवतियों को गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है। यह सुनिश्चित करना हमारा दायित्व है कि सभी वैक्सीन निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखी जाएं और उनकी गुणवत्ता बनी रहे।
बीसीसीएम नागेंद्र पांडेय ने कोल्ड चेन प्रणाली की कार्यक्षमता पर जोर देते हुए कहा कि वैक्सीन का सही रखरखाव और समय पर वितरण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बढ़ाता है। एसएमओ डॉ. महेंद्र सोनी ने आशा कार्यकर्ताओं और स्टाफ नर्सों को यूविन पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि के महत्व को समझाया और इसे और सटीक करने के निर्देश दिए गए हैं।