नौतनवा। नगर के तहसील रोड पर स्थित फूलघर गली के पास शनिवार की सुबह तेज आवाज और चिंगारी के साथ हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया। तार से करीब 15 मिनट तक चिंगारियां और लपटें निकलती रहीं, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि सुबह होने के कारण इस दौरान कोई उसकी चपेट में नहीं आया, नहीं तो बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। कुछ देर बाद सूचना देने पर बिजली काटी गई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
अवर अभियंता विद्युत मनीष प्रजापति ने बताया कि विद्युत भार अधिक पड़ने के कारण हाईटेंशन तार टूट गया। सूचना मिलते ही बिजली काट दी गई। विद्युतकर्मियों को भेजकर मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराई गई।