तीन लाख से अधिक घरों में प्री-पेड मीटर लगाएगा विद्युत निगम
विद्युत वितरण खंड प्रथम क्षेत्र में सर्वाधिक प्री-प्रेड लगेगा, भेजा गया प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। विद्युत व्यवस्था में सुधार के दृष्टिगत लिए तीन लाख से अधिक घरों में प्री- प्रेड मीटर लगाने की योजना है। प्री-पेड मीटर लगने से उपभोक्ताओं को राहत तो मिलेगी ही, निगम की भी समस्याएं कम होंगी।
जिले में उपलब्ध तीन लाख से अधिक उपभोक्ताओं में से सर्वाधिक लगभग एक लाख उपभोक्ता विद्युत वितरण खंड प्रथम क्षेत्र में हैं, वहीं अन्य दो लाख उपभोक्ता विद्युत वितरण खंड द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ में हैं। अभी तक कहीं पर अधिक तो कहीं पर कम बिल की शिकायत प्राप्त होती रहती है। विद्युत बिल की असमानता की स्थिति को दूर करने व उपभोग के मुताबिक, बिल चुकाने के लिए निगम की ओर से प्री-पेड मीटर लगाया जाना है। वर्ष 2025 तक जिले के सभी घरों में प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाने की योजना है। उपभोक्ता के लिए यह राहत है कि वह मोबाइल की तरह अपने मीटर को रिचार्ज करते हुए बिजली का उपभोग कर सकेंगे।
विद्युत प्री-पेड मीटर लगने से लाभ
- उपभोक्ता किसी भी कंपनी से बिजली कनेक्शन लेने में स्वतंत्र होंगे
- उपभोक्ता उतनी ही बिजली प्रयोग कर सकेंगे जितना रिचार्ज किया होगा
- किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने पर मीटर से निगम के पास अलर्ट भेजा जाएगा
- बिजली बिल भेजने में आने वाले व्यय की बचत होगी।
- विद्युत मीटर रीडर की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे काफी बचत होगी
----------------
जिले में प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने की दिशा में पहल की जा रही है। प्रस्ताव भेजा गया है, वर्ष 2025 तक सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य होगा।
हरिशंकर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम