महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के कटहरा गांव में मंगलवार की रात भूमि विवाद में वकील नाम के युवक ने बड़े भाई बुधई की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। भूमि विवाद में हुए जानलेवा हमले में बीच-बचाव करने में बुधई के दो बेटे भी घायल हो गए।
पुलिस ने बुधई के बेटे रामाशीष की तहरीर पर बुधवार को वकील और उसकी पत्नी व बेटे समेत छह आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
कटहरा गांव में समय स्थान के पास रहने वाले बुधई (42) का सगे छोटे भाई वकील से गांव में स्थित 55 डिस्मिल पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जमीन बुधई की दादी के नाम पर है। इस जमीन में हिस्सेदारी को लेकर दोनों पक्षों में कई माह से तनाव बना हुआ था।
बुधई के बेटे रामाशीष के मुताबिक, बुधई ने इसको लेकर कई बार कोतवाली और चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया।
रामाशीष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता बुधई नगर पालिका में सफाई कर्मी थी। मंगलवार को शाम करीब पांच बजे वह ड्यूटी खत्म कर घर लौटे थे। आरोप है कि रात करीब आठ बजे वकील, बेटे आकाश व गोलू और भांजा अमित व उसके जीजा बुधई के घर पहुंचे। आरोपियों ने बुधई को घर से बाहर खींचकर लोहे के रॉड और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में बुधई के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बेटों अमरजीत और रामाशीष ने बुधई को बचाने का प्रयास किया तो हमलावर उन पर भी टूट पड़े।
आनन-फानन में पड़ोसी घायल बुधई और दोनों बेटों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बुधई की जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। अमरजीत और रामाशीष का इलाज चल रहा है।
रामाशीष ने बताया कि हमलावरों ने लोहे के रॉड से उनके सिर और पैरों पर बेरहमी से प्रहार किया, जिसके कारण उनके पिता की जान चली गई। कोतवाल सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।