छठ घाट वाले तालाबों पर प्राथमिकता के आधार पर सफाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगर पालिका परिषद के सभी 25 वार्डों में स्थित छठ घाटों व तालाबों की सफाई के लिए पालिका प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पालिका की ओर से सभी आठ सफाई नायकों के नेतृत्व में 20-20 सफाई कर्मियाें की टोली को सफाई कार्य में लगाया गया है। सफाई कार्य को पर्व की समाप्ति तक बेहतर रखने के निर्देश दिए गए है।
अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि दीपावली व छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों को तेज कर दिया गया है। पालिका के सफाई नायकों के साथ सफाई कर्मियों को लगाते हुए प्राथमिकता के आधार पर छठ घाटों, तालाबों को साफ करने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी कहा गया है कि बलिया नाला पुल व शास्त्री नगर के पोखरे सहित नगर के सभी प्रमुख छठ घाटों की लगातार निगरानी की जाए, पर्व तक जब भी सफाई की आवश्यकता है उसे करा दिया जाए। पथप्रकाश आदि की व्यवस्था को भी दरुस्त कराया जाए। प्रधान लिपिक मोहम्मद शमीम को भी नियमित रूप से इसका पर्यवेक्षण करने को कहा।
अध्यक्ष ने बलिया घाट पर पहुंच सफाई का दिया निर्देश
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने मंगलवार की सुबह बलिया नाला स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मियों को सफाई का निर्देश देते हुए कहा कि वे मशीन आदि के सहारे घाट पर सफाई ठीक रखें, जिससे कि पूजा करने आने वाली व्रती महिलाओं व उनके परिवार के सदस्यों को किसी प्रकार की समस्या न हो। इस दौरान उनके पति निर्मेष मंगल, सफाई नायक लालबहादुर आदि मौजूद रहे।