सोनौली। तीज के दौरान मंदिर में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने के आरोप में नेपाल पुलिस ने आठ भारतीय महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कपिलवस्तु नगरपालिका-1 स्थित तौलेश्वर मंदिर परिसर से हिरासत में लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
डीएसपी रिपेंद्र कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि सोमवार को तीज के अवसर पर तौलेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान सीसीटीवी निगरानी कक्ष में तैनात पुलिसकर्मियों ने भीड़ में कुछ महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध देखीं। सूचना मिलने के बाद संबंधित पुलिस कार्यालय और वार्ड पुलिस कार्यालय, तौलिहवा की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। चोरी के आरोप में आठ महिलाओं को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
बताया कि आरोपियों के पास से चोरी से संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को तौलिहवा स्थित कपिलवस्तु जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के लिए सात दिन की हिरासत अवधि बढ़ाने की मांग की है। बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रिता देवी (35) सरदार नगर चौरीचौरा गोरखपुर, अनिता देवी (30) पोकरी दुसवा कैंपियरगंज, उषा देवी (35) शोहरतगढ़ सिद्दार्थ नगर, गीता देवी (32) चौरीचौरा, उषा देवी (25) श्याम देउरवा परतावल महराजगंज, शीला (24), काजल 20 उस्का बाजार सिद्दार्थ नगर और राजमती (50) आनन्द नगर महराजगंज के रूप में हुई है। बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।