मरीज परेशान, निजी मेडिकल स्टोर से महंगी दवा खरीद रहे लोग
चौक बाजार। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मिठौरा इन दिनों दवाओं की कमी से जूझ रहा है। इस वजह से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सक मरीजों की जांच तो कर रहे हैं लेकिन दवाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें बिना दवा दिए लौटा रहे हैं। मरीजों को मजबूरन निजी मेडिकल स्टोर्स से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
पड़री खुर्द निवासी अविनाश ने बताया कि उनके पूरे शरीर में गांठ की समस्या है लेकिन अस्पताल में संबंधित दवा नहीं मिल सकी। वहीं हरपुर खुर्द के सोनू ने बताया कि उन्हें अस्पताल से पूरी दवा नहीं मिली, जिससे बाहर से दवा लेनी पड़ी। किरन देवी ने बताया कि महिलाओं से जुड़ी बीमारियों की दवाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि प्रतिदिन करीब 30 से 40 मरीज चिकित्सालय पहुंचते हैं लेकिन दवाओं की कमी के चलते उन्हें निराश लौटना पड़ता है। ऐसे में गरीब और जरूरतमंद मरीजों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। इस संबंध में चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. मृत्युंजय प्रसाद पांडेय ने बताया कि दवाओं की कमी को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी, जिससे मरीजों को राहत मिल सकेगी।