महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर मंगलवार को शिक्षक संकुल की हुई बैठक
प्रारंभिक 30 दिनों को महत्वपूर्ण बताते हुए ''30 डेज इंपैक्ट प्लॉन'' पर दिया गया जोर
खुटहां बाजार। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर प्राथमिक विद्यालय जंगल बड़हरा चौरी में मंगलवार को शिक्षक संकुल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एआरपी पनियरा अवनीश उपाध्याय ने की।
बैठक में सत्र के प्रारंभिक 30 दिनों को महत्वपूर्ण बताते हुए ''30 डेज इंपैक्ट प्लॉन'' पर जोर दिया गया। इसके अंतर्गत बच्चों का विद्यालय में स्वागत, प्रारंभिक आकलन, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा रोचक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण के माध्यम से उन्हें विद्यालय से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई। शिक्षकों को समूहों में विभाजित कर सामूहिक रूप से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य शैक्षिक गतिविधियों के अंतर्गत गाइडेड रीडिंग, समय सारिणी निर्माण, प्रभावी प्रार्थना सभा, डिजिटल संसाधनों के उपयोग तथा विशेष दिवस/सप्ताह के आयोजन के साथ ही मिशन लाइफ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए शिक्षकों को समूहों में बांटकर 2–3 माह का शैक्षिक कैलेंडर तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया। इसमें पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए विशेष अभियान, मूल्यांकन तथा आवश्यक तैयारियों को समाहित किया जाएगा।
नामांकन वृद्धि के लिए आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों की पहचान कर घर-घर संपर्क अभियान, रैली, समुदाय एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के साथ समन्वय स्थापित करने की रणनीति बनाई गई। स्कूल मित्र अभियान एवं नामांकन उत्सव जैसे नवाचारों के माध्यम से अधिकाधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। बैठक में 30 दिनों के अंतर्गत संचालित की जाने वाली श्रेष्ठ गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। इनमें लाइब्रेरी उपयोग, खेल, कहानी, लेखन, समूह गतिविधियां, स्माइल वाल तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल हैं, ताकि बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में प्राथमिक विद्यालय चौरी की दीपिकाधर द्विवेदी ने टीएलएम आधारित शिक्षण पर विशेष रूप से प्रस्तुति दी। बैठक का संचालन नोडल संकुल मो. अय्यूब अंसारी ने की। बैठक में पूर्व एआरपी रामसमुझ जायसवाल, सुभान अल्लाह, सुरेंद्र शर्मा, गोवर्द्धन मौजूद रहे।