महराजगंज। निर्माण स्थलों पर उड़ती धूल को रोकने का इंतजाम नहीं है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। धूल के गुबार से सेहत ही नहीं वाहन भी खराब हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी सांस के मरीजों को हो रही है। महराजगंज-ठूठीबारी हाईवे निर्माण के दौरान सुरक्षा का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। इससे राहगीरों को दिक्कत हो रही है।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज से निचलौल होते हुए ठूठीबारी हाईवे (एनएच 730 एस) के चौड़ीकरण और उच्चीकरण का काम शुरू हो गया है, जो 40.140 किलोमीटर लंबा है। सड़क 809.25 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन पेब्ड शोल्डर के साथ बनेगी। सोमवार को इस रूट पर आने-जाने वाले लोगों को दुश्वारियों के बीच सफर करना पड़ा। बौलिया राजा से रामपुरमीर तक सड़क उखड़ चुकी है।
सड़क पर पानी नहीं डालने से सड़क पर उड़ती धूल से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बौलिया राजा से रामपुरमीर तक चार स्थानों पर डायवर्जन का बोर्ड लगाया गया है। डायवर्जन पर पानी नहीं डालने के कारण सड़क पर उड़ती धूल से यात्रियों के आंख में दिक्कत हो रही है। किसी को सांस की दिक्कत हो रही है तो कोई आंख में दर्द से परेशान मिला।
सड़क के दोनों किनारों पर गड्ढे खोदकर गिट्टी डालकर सड़क को बराबर किया जा रहा है। पुल के बगल में डायवर्जन का बोर्ड लगाकर पुल के किनारे राहगीरों और वाहनों के आने जाने के लिए खोल दिया गया है।
हरिहरपुर गांव के रघुनाथ पटेल मिले। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में महराजगंज-ठूठीबारी तक सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। पानी नहीं डालने से सड़क पर उड़ती धूल से परेशानी हो रही है। सड़क गुजरे रहे बाइक चालक यशवंत का कहना है कि डायवर्जन पर पानी नहीं गिराने के कारण धूल उड़ रही है। आंख में दर्द हो रहा है, लेकिन काम ऐसा है कि नियमित यात्रा करना है। जिम्मेदारों को लोगों की सुविधा की परवाह नहीं है।
वहीं साइकिल से आ रहे मोहन ने बताया कि बीते सप्ताह साइकिल लेकर गढ्ढे में चला गया था। हल्की चोट लगी थी। इसी तरह से कारोबारी सुनील ने बताया कि कार से दो दिन पहले निचलौल जा रहा था। इस बीच मिठौरा के पास कार अचानक उछली। इसके बाद अगले पहिए का बेयरिंग खराब हो गया। कार आगे नहीं बढ़ रही है। बाद में ठीक कराने के बाद गाड़ी लेकर गया।
इस रूट पर यह समस्या आम हो गई है। जगदौर गांव के वीरेंद्र कुमार ने बताया कि विकास होने पर थोड़ी समस्या तो जरूर होगी। बाद इसका फायदा भी मिलेगा। जिम्मेदारों को समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। निर्माणाधीन सड़क पर पानी का छिड़काव होते रहने की जरूरत है। मिठौरा के वीरू शर्मा कहने लगे कि तीन दिन पहले होली के दिन महराजगंज से घर आते समय बौलिया राजा और रामपुरमीर के बीच में डायवर्जन पर गिरकर घायल हो गया था।
कुल 31.458 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत हो चुकी
एनएच-730 एस चौड़ीकरण के लिए महराजगंज से ठूठीबारी तक 1999 किसानों के 422 गाटा से कुल 31.458 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत हो चुकी है। अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा 1 अरब 3 करोड़ 12 लाख 6 हजार 116 रुपये वितरित किया जाना है, जिसमें से 82 करोड़ 35 लाख 95 हजार 995 रुपये मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है। महराजगंज से ठूठीबारी की सड़क 30 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी, लेकिन महराजगंज में नगर क्षेत्र की सीमा में बीच सड़क से दोनों ओर 11-11 मीटर ही सड़क चौड़ी होगी।