महराजगंज। जिले में दुर्गा उत्सव के लिए स्थापित 1715 पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं। पुलिस व प्रशासन ने उत्सव से पहले थानों पर आयोजित पीस कमेटी की बैठकों
में हर पंडाल को बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी पर बनाने, अग्निशमन यंत्र, बालू भरे बोरे और पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए थे। धरातल पर इसका पालन नाम मात्र ही दिख रहा है। बुधवार को संवाद न्यूज एजेंसी टीम की पड़ताल में पाया गया कि अधिकांश पंडालों में सुरक्षा के नाम पर दिखावे के लिए चार-पांच पानी भरी बाल्टियां और एक-दो बोरे में बालू भरकर रखी गई है। अग्निशमन यंत्र (सिलिंडर) किसी भी पंडाल में नहीं मिला।
यह स्थिति तब है, जब हर पंडाल में विद्युत झालरों, साउंड सिस्टम और कंबलों-कपड़ों की सजावट है, जो आग लगने की स्थिति में तेजी से आग पकड़ सकती है। आस्था के पंडालों को सबसे बड़ा खतरा बिजली के तारों से है। फरेंदा मिल गेट, परतावल कस्बा, नौतनवां नगर, ठूठीबारी, संपतिहा सहित ग्रामीण क्षेत्रों के कई पंडाल सीधे हाईटेंशन और एलटी लाइन के नीचे या उसके इर्द-गिर्द सजाए गए हैं। कहीं बांस-बल्लियां तारों को छू रही हैं, तो कहीं लोहे के एंगल तारों के बेहद करीब हैं। सप्तमी से पट खुलते ही इन पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में जरा सी चूक बड़ी दुर्घटना को दावत दे सकती है।
नियमों के अनुसार पंडाल में प्रवेश और निकास के दो अलग-अलग द्वार, सीसीटीवी, फायर सिलिंडर, प्राथमिक उपचार किट और साफ-सफाई का इंतजाम होना चाहिए। साथ ही विद्युत विभाग से अस्थायी कनेक्शन लेना अनिवार्य है, लेकिन अधिकांश जगहों पर कटिया फंसाकर बिजली जलाई जा रही है। इससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बना हुआ है।
-
बोले जिम्मेदार
डाल में फिलहाल भीड़ कम है, लेकिन सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर भीड़ काफी बढ़ जाती है। फायर सेफ्टी के लिए बाल्टियों में पानी और बोरियों में बालू भरकर रखा गया है। संपतिहा चौकी पुलिस रोज निगरानी करने आती है। बताए गए सभी नियमों का हम पालन कर रहे हैं।
- श्रीराम शर्मा, संपतिहा दुर्गा महोत्सव समिति अध्यक्ष
हमारे क्षेत्र के अधिकांश पंडालों में अग्निशमन सिलिंडर नहीं है। लेकिन हमने अपने यहां स्थापित दुर्गा उत्सव पंडाल में सभी इंतजाम कराया गया है। अग्निशमन सिलिंडर के स्थान पर बालू भरी बाल्टी व पानी का प्रबंध है।
- गोपाल नारायण चौधरी, दुर्गा उत्सव समिति अध्यक्ष हरदीडाली, महराजगंज
-
बोले अधिकारी
दुर्गा उत्सव पंडाल स्थापित करने वाली सभी समितियों को बिजली तार से दूरी का ख्याल रखते हुए पंडाल लगाने के निर्देश। विस्तृत सुरक्षा निर्देश सभी उत्सव पंडाल के लिए जारी किए गए हैं। थाना पीस कमेटी की मीटिंग में स्पष्ट रूप से बताया गया था की हाई वोल्ट वायर के नीचे कोई पंडाल न रहे। फायर सिलिंडर अथवा बाल्टी पानी बालू के प्रबंध रखने हैं। ड्रोन कैमरे से निगरानी में अगर कहीं गड़बड़ी मिलती है तो कार्रवाई होगी।
- सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक