कुछ समय बाद लोगों ने आपसी सूझबूझ से ट्रक को किसी तरह रास्ता देकर आगे बढ़वाया
नौतनवा। गांधी चौक पर बनाए गए गोलंबर के आसपास यातायात नियम की अनदेखी करके गलत तरीके से बीच में घुस आए एक ट्रक की वजह से बुधवार की सुबह करीब 11 बजे सड़क पूरी तरह जाम हो गई, जिससे अफरा-तफरी मची रही। अस्पताल तिराहा की ओर से आ रहा ट्रक गांधी चौक गोलंबर के निकट पहुंचा तो उसके चालक ने ट्रक को विपरीत दिशा से ठूठीबारी रोड की तरफ इसे मोड़ दिया। इससे दूसरी तरह से आ रहे दो अन्य वाहन ट्रक सामने आने की वजह से खड़े हो गए।
जानकारी के मुताबिक, इसके कुछ ही देर बाद मुख्य चौराहा समेत पूरे नगर में जाम की स्थिति बन गई। चिलचिलाती धूप में सैकड़ों वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। जाम से करीब आधे घंटे तक नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही, लेकिन इस बीच कहीं भी कोई पुलिस का जवान नजर नहीं आया। लोग भीषण गर्मी की तपन के बीच जाम से निकलने को लेकर नोकझोंक करते रहे। कुछ समय बाद लोगों ने आपसी सूझबूझ से ट्रक को किसी तरह रास्ता देकर आगे बढ़वाया, तब जाकर राहगीरों ने राहत की सांस ली और आवागमन सामान्य हुआ।
सीओ जयप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए चौक-चौराहों पर प्रतिदिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। यदि उनकी ओर से लापरवाही की जा रही है तो जांच कर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।