महराजगंज। शनिवार को महराजगंज व सोनौली परिवहन निगम डिपो की तरफ से आयोजित रोजगार मेला फ्लाप साबित हुआ। मेले में परिवहन निगम के कर्मी सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक इंतजार करते रहे, लेकिन अभ्यर्थियों के न आने से निराश लौटना पड़ा।
नगर पालिका परिषद महराजगंज के बिस्मिल नगर वार्ड में स्थित सेवायोजन कार्यालय में संविदा रोडवेज चालक भर्ती के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। संविदा चालकों के लिए रात्रि भत्ता, प्रोत्साहन, दुर्घटना बीमा व अन्य सुविधाओं के साथ बेहतर वेतनमान की घोषणा की गई थी।
एक सप्ताह से इसकी तैयारी जोरशोर से चल रही थी, लेकिन शनिवार को सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक जिला सेवायोजन अधिकारी ईशान प्रकाश और दोनों डिपो के परिवहन कर्मी इंतजार करते रहे, लेकिन भर्ती के लिए एक भी अभ्यर्थी रोजगार मेले में नहीं पहुंचा और जिम्मेदार निराश लौटने पर मजबूर हुए।