महराजगंज। परिवहन विभाग इन दिनों यातायात नियमों का अनुपालन कराते हुए मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। इसके तहत अब इंटरनेट प्लेटफार्म पर सबक अभियान शुरू किया गया है जो 15 मई से 15 जून तक प्रभावी रहेगा।
इस समयावधि में सोशल मीडिया पर हर दिन एक अलग सबक (विषय) को लेकर जागरूकता संदेश व एनीमेटेड रील अपलोड कर जागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान से सभी उप संभागीय परिवहन कार्यालयों को जोड़ा गया है।
शासन के निर्देश पर यूपी परिवहन विभाग जोर-शोर से यातायात नियमों का अनुपालन कराकर मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास कर रहा। इसके तहत जनपद के एआरटीओ कार्यालय का सोशल प्लेटफार्म पर अकाउंट बनाकर अधिक से अधिक लोगों को इनसे जोड़ा गया है जिससे विभाग अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता जानकारी और आदेश-निर्देश पहुंचा सके। पिछले दिनों से सबक जागरूकता श्रृंखला प्रारंभ की गई है। इसके तहत सुरक्षा उपाय, संकेतक चिन्ह, रिफ्लेक्टर के अलावा यातायात के एक-एक नियमों की विवेचना के साथ एनीमेटेड रील ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट आफ यूपी गवर्मेंट की तरफ से सीधे पोस्ट किया जा रहा है। एनीमेटेड रील यातायात नियमों को समझाने में लोगों को मदद देने के साथ खूब पसंद आ रहे हैं और लोग इसे डाउनलोड कर एक दूसरे से शेयर भी खूब कर रहे हैं।
संभागीय निरीक्षक परिवहन आरडी प्रसाद वर्मा ने बताया कि प्रदेश परिवहन विभाग के डिजिटल एवेयरनेस विंग की तरफ से ''सबक श्रृंखला'' के जरिये जनपद के इंटरनेट प्लेटफार्म पर पोस्ट किया जा रहा। इसके एनीमेटेड रील्स लोगों को जागरूक करने में काफी मदद कर रहे हैं।