महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की ओपीडी, जनरल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का गहनता से अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। मरीजों एवं परिजनों से उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों एवं स्टाफ के व्यवहार तथा सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नवजात शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर जोर देते हुए ठंड के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोमवार को ओपीडी में कुल 82 मरीजों को देखा गया। ओपीडी में डॉ. रूपाली, डॉ. अरुण, डॉ. ज्योत्सना एवं डॉ. शालिनी ने मरीजों का उपचार किया। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार एवं समुचित परामर्श अत्यंत आवश्यक है। किसी भी चिकित्सक के यहां से मरीजों को बाहर से दवा लेने या जांच करवाने का दबाव बनाए जाने की शिकायत न प्राप्त हो। जिलाधिकारी ने अस्पताल के पांचवें तल पर निर्माणाधीन आईपीएचएल लैब का निरीक्षण किया।