महराजगंज। जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार को अभियान शुरू किया गया। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डीएम ने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं बल्कि वैज्ञानिक तकनीकों से उनका प्रबंधन करें। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिससे मानव स्वास्थ्य प्रभावित होता है। साथ ही मिट्टी की उर्वरता कम होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं। इसका असर कृषि उत्पादन और पर्यावरण संतुलन पर भी पड़ता है।
उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों व आधुनिक तकनीकों का लाभ उठाने की अपील की। बताया कि पराली जलाने पर एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत जुर्माना सहित दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इस दौरान उप निदेशक कृषि संजीव कुमार, एएसडीएम सिद्धार्थ, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह आदि माैजूद रहे।