महराजगंज। दिवाली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीम ने निचलौल, ठूठीबारी और सिंदुरिया बाजार में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नमकीन और खोया के चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान में टीम ने निचलौल बाजार स्थित एक किराना स्टोर की जांच की। यहां से दो ब्रांड के नमकीन के नमूने लिए गए। इसके बाद ठूठीबारी स्थित एक स्वीट हाउस से खोया का नमूना संग्रहित किया गया। सिंदुरिया बाजार स्थित एक टॉफी सेंटर से एक नमकीन का नमूना लिया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने व खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सहायक आयुक्त खाद्य, केके उपाध्याय ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह, हिमांशु जयंत, हंसराज प्रसाद और पवन कुमार गोंड शामिल रहे।