महराजगंज। महराजगंज में पहली बार जिलास्तरीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता 11 मई को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम महराजगंज में होगी। इसके पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने किया।
यह जानकारी देते हुए आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि यह बहुत ही ट्रेंडिंग गेम है, जो कि विश्व में काफी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। जनपद में पहली बार आधिकारिक रूप से जिला स्तरीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा।
जिला सचिव संजय सैनी ने बताया कि प्रतियोगिता सब जूनियर 12 से 15 वर्ष, जूनियर 16 से 18 वर्ष, यूथ 18 से 23 वर्ष और सीनियर ओपन महिला और पुरुष वर्ग दोनों वर्गों में आयोजित की जाएगी। इसके सभी विजेता खिलाड़ी लखनऊ में 14 और 15 मई को नेहरू युवा केंद्र के बहुद्देशीय हाल में होने वाली प्रदेश स्तरीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
जो प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतेगा वह खिलाड़ी पंजाब के लुधियाना में 6 से 8 जून तक आयोजित होने वाली 47वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगा। इसमें स्कूल, कॉलेज, फिटनेस सेंटर और जिम में बॉडी बिल्डिंग करने वाले खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। संवाद