संदिग्ध लगने पर एक बाइक सवार को थाने ले जाकर की गई पूछताछ
कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र में खाद की संभावित तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला कृषि अधिकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान बाइक पर खाद लादकर ले जा रहे लोगों को रोककर पूछताछ की गई और संदिग्ध लगने पर एक बाइक सवार को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के खाद दुकानदारों और तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान एसएसबी जवानों ने खाद ले जा रहे लोगों से खाद की खरीद, उपयोग और गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों की भी जांच की। पूछताछ के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि खाद अवैध रूप से कहीं सीमावर्ती क्षेत्रों में तो नहीं ले जाई जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी और तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सरकारी व्यवस्था का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंच सके। इस अभियान में एसएसबी की खैराघाट टीम भी सक्रिय रूप से शामिल रही। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।