जानलेवा हमले की घटना को लेकर पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
पूछताछ के बाद युवक को मंदबुद्धि बताकर पुलिस ने छोड़ा
नौतनवा। सरोजनी नगर वार्ड में बुधवार की आधी रात लोगों ने एक युवक को घर में घुसकर पीट दिया। युवक पर 5 माह की बच्ची चोरी करने का आरोप लगाकर उसने पीटने के बाद लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। घटना से सहमे पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग भी की है। जबकि पुलिस ने युवक को मंदबुद्धि बताते हुए पकड़े जाने के कुछ देर बाद ही छोड़ दिया।
पुलिस को दिए गए तहरीर में पवन राजभर निवासी सरोजनी नगर ने लिखा है कि बुधवार की रात वह अपने परिवार के साथ कमरे सोए हुए थे। रात्रि करीब साढ़े 12 बजे घर और कमरे में किसी के होने की सुगबुगाहट हुई तो आंख खुल गई। उन्होंने बताया कि घर में तीन से चार युवकों के होने की आहट हो रही थी। एक युवक पास में सोई उनकी 5 माह की बेटी अनायरा राजभर को उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था।
शोर मचाने पर अन्य युवक फरार हो गए, जबकि कमरे में मौजूद युवक जानलेवा हमला करने लगा। किसी तरह उसे पकड़ लिया गया। इतने में आसपास के लोग भी आ पहुंचे और पकड़े गए युवक को पीट दिया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना नौतनवा पुलिस को दी। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ ले गई। घटना के बाद बृहस्पतिवार की शाम पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा था लेकिन तत्काल में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पकड़ा गया युवक नेपाली था जो कहीं मार्ग दुर्घटना में पहले से ही चोटिल था और मंदबुद्धि प्रतीत हो रहा था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।