महराजगंज। जिले में टीकाकरण से रोकी जाने वाली बीमारियों की निगरानी अब डिजिटल तकनीकी के सहारे और सशक्त होगी। बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने अपने कार्यालय कक्ष से यूनिफाइड डिजीज सर्विलांस पोर्टल (यूडीएसपी) के माध्यम से छह प्रमुख बीमारियों की डिजिटल निगरानी प्रणाली का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से अब अचानक होने वाली लकवा, खसरा, रूबेला, गलाघोंटू (डिप्थीरिया), काली खांसी, नवजात टिटनेस तथा डिप्थीरिया जैसी बीमारियों से पीड़ित बच्चों का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों से प्राप्त जानकारी एकत्र कर पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल सर्विलांस की यह प्रणाली जिले में वैक्सीनेशन कवरेज को और मजबूत करेगी। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, डिप्टी डीआईओ डॉ. नीरज लाल कन्नौजिया, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, डब्ल्यूएचओ के सर्विलांस मेडिकल अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार व डॉ. रफीक, यूएनडीपी के वीसीसीएम नागेंद्र पांडेय मौजूद रहे। संवाद