महराजगंज। ठगी पीड़ित जमाकर्ता संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में जिलाध्यक्ष कृष्ण मोहन गुप्ता के नेतृत्व में धरना दिया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय संयोजक मदन लाल आजाद पर हमले और जातीय अपमान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। संघ ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत कई उच्चाधिकारियों को डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर एम्स दिल्ली के कथित फर्जी कर्मचारी और उसके गिरोह पर गंभीर आरोप लगाए।
ज्ञापन के अनुसार, मदन लाल आजाद ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के संस्थापक हैं। वह मिशन भुगतान भारत यात्रा चलाकर ठगी पीड़ितों को बड्स एक्ट 2019 के तहत भुगतान दिलाने के प्रसास कर रहे हैं। 3 सितंबर 2025 की रात करीब 12 बजे राकेश कुमार शर्मा, उसके पुत्र मुदित शर्मा, सचिन पंडित, इंजीनियर अविनाश शर्मा, उमेश शर्मा और अन्य गुंडों ने जनपद अलीगढ़ के थाना क्षेत्र खैर स्थित आजाद के घर पर हमला किया। हमलावरों ने जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और महिलाओं को सड़क पर घसीटा और घर जलाने की धमकी दी।