मातहतों और ठेकेदारों को निर्देश दिया कि पानी के बहाव में अवरोध उत्पन्न न हो
निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के अंतर्गत निचलौल वन क्षेत्र के छोटी गंडक नदी की इन दिनों सफाई कराई जा रही है। डीएफओ ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण कर सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को नदी की बेहतर सफाई के लिए कई बिंदुओं पर निर्देशित किया।
डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नारायणी गंडक नदी के अमडी पुल से निकली छोटी गंडक नदी की सफाई करीब एक सप्ताह से जारी है। मौके पर पहुंच स्थलीय निरीक्षण कर सफाई कार्यों की जानकारी की गई। साथ ही कार्यस्थल पर मौजूद किसानों से भी वार्ता की गई। संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देशित किया गया कि नाले में कहीं भी ठोकर न बने जिससे पानी के बहाव में अवरोध उत्पन्न न हो। बरसात होने से पहले सायफन की सफाई पूर्ण कर ली जाए। नदी में जमा सिल्ट, सेवार और कचरा जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है। इस दौरान निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव, वन दरोगा अशोक सिंह, किसान डॉक्टर रतनलाल श्रीवास्तव, अरविंद पांडेय, अशोक पांडेय, विजय पासवान, संतोष मद्धेशिया, आकाश भारती, महेंद्र मिश्रा, शैलेश मिश्रा मौजूद रहे।