महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र की ग्रामसभा नरायनपुर निवासी नागेंद्र गुप्ता ने महराजगंज स्थित बैंक के फील्ड ऑफिसर पर 40 हजार रुपये घूस मांगने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
नागेन्द्र गुप्ता के शिकायती पत्र में बताया है कि मैंने अपने नाम से उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, लखनऊ की महराजगंज शाखा से रेडिमेड गारमेंट के नाम से आठ लाख रुपये लोन लिए थे। उक्त बैंक के फील्ड आफिसर ने लोन दिलाने के नाम पर चार बार में क्रमशः 1000, 7000, 40,000 और 5,000 रुपये सहित कुल 53,000 हजार रुपये ले लिए हैं, इसका साक्ष्य उपलब्ध है। बावजूद इसके फील्ड आफिसर अभी भी 40,000 रुपये घूस के रूप में मांग रहा है। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह किराये का कमरा लेकर कपड़े की दुकान चलाकर किसी तरह जीविकोपार्जन करता है। नागेंद्र गुप्ता ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के शाखा प्रबंधक आशुतोष मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।