महराजगंज। शुक्र के अस्त होने व रविवार से प्रारंभ हो रहे चतुर्मास के कारण नवंबर तक सहालग पर ब्रेक लगा है। बावजूद सर्राफा कारोबार की बिक्री पर कोई असर नहीं है।
शादी-विवाह के तय आयोजन वाले परिवार जहां जेवरों की बुकिंग करा रहे हैं। वहीं प्रयोग के लिए भी लोग जेवरात तेजी से खरीद रहे हैं। बिक्री व बुकिंग की रफ्तार से कारोबारियों के चेहरे खिले हैं। मुख्यालय के बलिया नाला पुल के पार आभूषण की दुकान संचालित करने वाले राजकुमार वर्मा ने बताया कि रेट घटने के कारण बिक्री तेजी पर है। 30 अप्रैल 2025 को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया गया।
उस वक्त 99400 रुपये प्रति 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के रेट थे जो मौजूदा समय में घटकर 98000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। 18 कैरेट सोने का भाव 80 तो 22 कैरेट 85 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है।
रेट घटा देखकर लोग जरूरी खरीद व बुकिंग तेजी से कर रहे हैं जिससे जरूरत के समय रेट बढ़ भी जाए तो उनकी जेब न ढीली होने पाए। प्रति दिन तीन लाख से अधिक कैश आभूषणों की बिक्री से हो रही है।
पांच लाख रुपये तक के जेवरात की बुकिंग मिल रही है। निचलौल रोड के सर्राफा कारोबारी सतीश सोनी ने बताया कि लग्न नवंबर महीने में शुरू होगा, लेकिन लोग बिटिया की शादी विवाह के जेवर रेट घटा देखकर इसी समय कर ले रहे जिससे सोने में चल रही गिरावट का लाभ मिल सके। संवाद