महराजगंज। ठगी पीड़ित जमाकर्ता संघ के बैनर तले बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और जमाकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर विभिन्न कंपनियों और सोसायटियों में फंसी धनराशि वापस दिलाने की मांग की।
नेतृत्व करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण मोहन गुप्ता ने कहा कि संसद द्वारा पारित अनियमित जमा योजनाएं पाबंदी अधिनियम-2019 के तहत ठगी के शिकार जमाकर्ताओं की धनराशि ब्याज एवं जुर्माने सहित 180 दिनों के भीतर वापस किए जाने का प्रावधान है। इसके बावजूद लाखों निवेशकों को अब तक उनका पैसा नहीं मिल सका है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरनारत लोगों ने मांग की कि जिला एवं तहसील स्तर पर भुगतान पटल स्थापित कर सभी पात्र आवेदकों की शिकायतों का निस्तारण किया जाए तथा ठगी करने वाली कंपनियों और सोसायटियों के संचालकों से जुर्माना वसूलकर पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। संघ ने आरोप लगाया कि कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में देरी के कारण अनेक पीड़ित आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बीयूडीएस एक्ट के प्रावधानों को लागू कर निवेशकों की जमा पूंजी शीघ्र वापस कराई जाए।
धरने में अखिलेश प्रजापति, उपेंद्र विश्वकर्मा, परदेशी प्रजापति, राजू, राजेश कुमार, पवन कुमार, राजकुमार, नंदप्रसाद, रामसजन, रामनेवास सिंह, हरिचंद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।