मिठौरा। क्षेत्र के ग्राम सभा सिंदुरिया के सड़क टोला निवासी ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को लिखित शिकायती पत्र देकर शीतलापुर-सिंदुरिया मार्ग को निर्मित करवाने की मांग की।
ग्राम सभा निवासी इब्राहिम अंसारी, शहीद, अर्जुन चौधरी, भीम चौधरी, राजेंद्र, प्रहलाद, सुग्रीव इत्यादि ग्रामीणों ने शिकायती पत्र में बताया कि सिंदुरिया से सड़क टोला पर जाने वाला मार्ग विगत कई वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। 40 वर्ष पहले ग्राम प्रधान ने इस पर खड़ंजा कराया गया था। अब सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से पीडब्ल्यूडी की इस सड़क से लोगों ने आना-जाना छोड़ दिया है। विभागीय जिम्मेदार इस ओर से आंख मूंदे हुए हैं। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर पक्का निर्माण कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा ने कहा कि जांच की जा रही है। जांचोपरान्त यथोचित कार्यवाही की जाएगी।