सिसवा बाजार। स्थानीय श्रीरामजानकी मंदिर के प्रांगण में बुधवार को नव वर्ष पर सिसवा विकास समिति की ओर से आयोजित सिसवा महोत्सव के मंच पर लोक कलाएं जीवंत हो उठीं। महोत्सव के प्रतिभागियों के नृत्य संगीत की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों को देखकर दर्शक झूम उठे। मशहूर मिमिक्री कलाकार गोविंदा के हमशक्ल दीपक महेंद्र ने दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष मनोज केसरी ने किया। इसके उपरांत चोखराज तुलस्यान इंटरमीडिएट कॉलेज, किसान आदर्श इंटर कॉलेज व कन्या महाविद्यालय सहित दर्जनों निजी स्कूलों के प्रतिभागियों की प्रस्तुति में नारी सशक्तिकरण, राष्ट्र प्रेम, कत्थक, लोकनृत्य, एकल व सामूहिक नृत्य से मंच पर लोक कलाएं जीवंत हुईं। कार्यक्रम का संचालन रोशन मद्धेशिया ने किया। इस मौके नपा अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल, अवधेश चौबे, गोविंद सोनी, अमितअंजन, एनबी पाल, शकुंतला पाल, धीरज तिवारी, अश्वनी रौनियार, रोशनी केसरी, विवेक चौरसिया, सहित नगर के अन्य लोग मौजूद रहे।