नौतनवा। थाना क्षेत्र के गांव चकदह टोला महुलैना निवासी लापता युवक का शव बृहस्पतिवार को गांव के पास बघेला नदी में मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव चकदह टोला महुलैना निवासी रामकेश राजभर (40) सात जुलाई को जंगल में लकड़ी बीनने गया था, लेकिन घर नहीं लौटा था। परिजनों के काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका था। युवक की भाभी पूनम की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच में जुटी थी। बृहस्पतिवार को सुबह लापता युवक का शव गांव के बगल में बघेला नदी में उतराया मिला।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे युवक के परिजनों ने शव की शिनाख्त की। सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।