महराजगंज में पति-पत्नी ने किया सुसाइड।
- फोटो : अमर उजाला।
महराजगंज जिले के बरगदवां थाना क्षेत्र के रमगढवां गांव में छत की कुंडी में साड़ी के फंदे से पति-पत्नी का शव लटकते हुए मिला। दोनों के बीच आपसी विवाद के बाद आत्महत्या करने की आशंका जाहिर की जा रही है। पुलिस घटना स्थल की जांच कर कारणों की जानकारी हासिल करने में जुटी है।
बरगदवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रमगढवां निवासी सुनील (24) व उसकी पत्नी मनीषा (22) का का शव का बुधवार सुबह को कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। कमरे में चावल एवं कुछ अन्य सामान बिखरा हुआ था।
बुधवार की सुबह करीब आठ बजे सुनील के बाबा रामधनी खेत से जब घर आए तो घर का दरवाजा बंद देख कई बार आवाज लगाया, लेकिन घर के अंदर से कोई जवाब न मिलने पर फाटक खोलकर जब अंदर गए, तो सीढ़ी के पास छत की कुंडी से साड़ी के फंदे से शव लटकता देख बदहवास होकर चिल्लाते हुए घर से बाहर निकले।
इसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं किसी ने इसकी सूचना बरगदवां पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंचकर जांच पड़ताल की।
नौतनवां सीओ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान प्रथमदृष्टया मामला पति-पत्नी में विवाद के बाद आत्महत्या प्रतित हो रहा है। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।