महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की सफलता का निर्धारण सामूहिक प्रयास से संभव है। स्वच्छता अपनाकर न सिर्फ बीमारियों को फैलने से रोका जा सकता है, बल्कि स्वच्छता से जुड़े संसाधनों के प्रयोग से एक अच्छी आदत का विकास भी होता है।
उक्त बातें जीजीआईसी धनेवा में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम को बतौर अतिथि संबोधित करते हुए वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने व्यक्त किए। परियोजना 2 अगस्त 2022 में प्रारंभ हुई थी, जिसके तहत सुविधाजनक शौचालय व पेयजल इंतजाम हुआ। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड सीबीआईसी के सौजन्य से 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और तीन राजकीय इंटर काॅलेजों में आधुनिक शौचालय और पेयजल कार्य कराए गए थे, जिसका लोकार्पण केंद्रीय राज्य मंत्री ने करते हुए स्कूल वार्डन और प्रधानाचार्य को हैंडओवर प्रपत्र सौंपा।
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना के लिए प्राप्त 5 करोड़ 66 लाख रुपये की जगह सिर्फ 5 करोड़ 20 लाख रुपये में परियोजना पूर्ण कर लिया। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संकल्प को इस परियोजना से मजबूती मिली है। इससे करीब 4800 बालिकाओं को लाभ मिलेगा।
सीबीआईसी बोर्ड के सदस्य सुरजीत भुजबल ने कहा कि यह परियोजना केंद्रीय राज्यमंत्री के प्रयास से ही मिल सकी।