शादियों और मुंडन के शुभ मुहूर्ताें के कारण गैस सिलिंडर की बढ़ी मांग
मांग के मुताबिक गैस सिलिंडर नहीं मिलने का आरोप, सोमवार को 250 लोगों ने किया आवेदन
महराजगंज। अप्रैल और मई में मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्तों के कारण गैस सिलिंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। लोग शादी के कार्ड लेकर आपूर्ति कार्यालयों में आवेदन दे रहे हैं। सोमवार को 250 लोगों ने आवेदन किया। इस दौरान मांग के अनुरूप गैस सिलिंडर नहीं मिलने और जिलापूर्ति कार्यालय की स्वीकृति के बाद भी एजेंसी के मनमानी के भी मामले सामने आए। छह से आठ सिलिंडर मांगने वालों दो ही देने का आश्वासन दिया जा रहा है।
जनपद में लोग करीब डेढ़ माह से गैस सिलिंडर के लिए परेशान हैं। कई क्षेत्रों में गैस सिलिंडर न मिलने के कारण लोग सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। इसके बाद भी लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। अभी भी ग्रामीणों क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारू न होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सहालग का सीजन शुरू होने के बाद लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। कड़ी धूप में लोग गैस सिलिंडर के लिए जिला पूर्ति कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। इसके बाद भी लोगों को मांग के अनुसार गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। सोमवार को कॉमर्शियल गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ लगी रही।
जिला पूर्ति कार्यालय महराजगंज में फरेंदा के अशोक पहुंचे थे। वह शादी का कार्ड और आवेदन लेकर बेंच पर बैठे थे। पूछने पर बताया कि 12 मई को बेटी की शादी है। हलवाई ने 6 सिलिंडर मांगा है। जिम्मेदार बता रहे हैं कि दो सिलिंडर ही मिलेगा। दो सिलिंडर में खाना और मिठाई कैसे बनेगी इसकी चिंता सता रही है। अब लकड़ी भी मिलना मुश्किल है। वहीं गोनहा निवासी गीता देवी ने भी सिलिंडर के लिए आवेदन किया। चिलचिलाती धूप में लोग दूर-दूर से पूर्ति कार्यालय पहुंचे थे। किसी के हाथ में शादी का कार्ड था तो किसी के हाथ में मुंडन संस्कार का कार्ड था।
वहीं एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बाबू यहां से तो गैस सिलिंडर पास हो गया है। अब एजेंसी वाला मनमानी कर रहा है। उसी की शिकायत लेकर यहां पर पहुंचा हूं।
70 हजार पहुंचा बैकलाग
मांग के अनुसार आपूर्ति न होने के कारण गैस सिलिंडर का बैगलाग 70 हजार पहुंचा गया है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को शादी और मुंडन संस्कार के लिए जिला पूर्ति कार्यालय में करीब 250 लोगों ने आवेदन किया।
वर्जन
30 अप्रैल को घर में शादी है। हलवाई ने छह सिलिंडर मांगा है। मैंने जिला पूर्ति कार्यालय में आवेदन कर दिया है। जिम्मेदारों ने बताया है कि दो कॉमर्शियल सिलिंडर ही मिलेगा। समय से सिलिंडर मिल जाएगा तो परेशानी दूर हो जाएगी।
-विवेक, पडरी
................
15 अप्रैल को जिला पूर्ति कार्यालय में आवेदन किया था। यहां से तो सिलिंडर के लिए पत्रांक नंबर भी दे दिया गया है। आज एजेंसी पर गया था वहां गैस नहीं मिला। 21 अप्रैल को बहन की शादी है। अगर सिलिंडर नहीं मिलेगा तो काफी दिक्कत होगी।
-सूरज सहानी, गोपी कोइरिया टोला
...............
मांग के अनुसार लोगों को गैस दिया जा रहा है। अभी तक गैस एजेंसी से सिलिंडर न देने की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
-एपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी