नौतनवा। नगर पालिका परिषद नौतनवा एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली निगम की ओर से स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों और उसे लगाने के नाम पर कुछ कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करने की मिल रही शिकायतों को देखते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत संजय सागर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पत्र जारी कर समस्त कर्मचारियों को हिदायत देते हुए शिकायत आने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
अधिशासी अभियंता विद्युत संजय सागर ने उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए कहा है कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह से सुरक्षित है। इसको लेकर उड़ रही अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। साथ ही पुराने मीटर की जगह स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उपभोक्ता को कोई शुल्क नहीं देना है। कुछ दिनों से अवैध वसूली होने की शिकायत प्राप्त हो रही हैं, कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है। उन्होंने अपील किया है कि यदि कोई भी विद्युतकर्मी स्मार्ट मीटर के नाम पर पैसा मांगता है तो उसकी फोटो या फिर नाम की जानकारी सीधे मुझ तक पहुंचाएं। संबंधित कर्मी के विरुद्ध विधिक विभागीय के साथ ही कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। शासकीय कार्यों में लापरवाही और मनमानी हरगिज बर्दाश्त नहीं है।