पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की चर्चा
- फोटो : अमर उजाला
ठूठीबारी (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के धरमौली गांव के उत्तर झरही उर्फ प्यास नदी पर बने बंधे के पास स्थित आम के बागीचे में पेड़ से एक युवक का शव लटकते हुए मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, ग्रामीणों में युवक की हत्या की चर्चा है।
गांव के लोगों ने बताया कि सोमवार की सुबह ठूठीबारी टोला धरमौली गांव के उत्तर बंधे के पास स्थित अब्बास अली के बागीचे में आम के पेड़ की डाल से एक युवक का शव लटकते हुए मिला। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को आम के पेड़ की डाली से नीचे उतार कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। शव की पहचान ठूठीबारी टोला धर्मअली निवासी अलीहसन (25) के रूप में हुई। मृतक की पत्नी जमीला ने बताया कि रविवार की सुबह मोबाइल बनवाने की बात कह कर अलीहसन महेशपुर के लिए निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं आए। अलीहसन की शादी 2 वर्ष पूर्व कोठीभार थाना क्षेत्र के भेड़िया निवासी शाकिर अली की पुत्री जमीला से हुई थी। ठूठीबारी कोतवाल बृजनंदन सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।