प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली के पगडंडी मार्ग फरेनिया गांव के पास पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात गश्त के दौरान बाइक सवार एक युवक को प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गुरुवार को पुलिस ने जेल भेज दिया।
बुधवार की रात करीब 12 बजे कोतवाली के एसआई रविंद्र सिंह एवं एसएसबी के सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार संयुक्त रूप से सरहद के निकट गांव में गश्त कर रहे थे। इस दौरान फरेनिया गांव के मुख्य मार्ग पर तेजी से नेपाल की तरफ से जा रहे बाइक सवार को टीम ने रोका तो युवक बाइक से भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान बाइक पर बोरी में रखी 1500 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन, 500 पीस टैबलेट बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विष्णु कुमार मद्धेशिया निवासी बापू नगर वार्ड नंबर चार पीपीगंज गोरखपुर बताया। प्रभारी निरीक्षक विजय राज सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित दवा के साथ पकड़े गए युवक को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।