सिसवा बाजार। कस्बे के हास्पिटल रोड पर बृहस्पतिवार शाम 7 बजे दवा खरीद रहे युवक को चौकी प्रभारी और दो हमराहियों ने जमकर धुनाई कर दी। पीड़ित युवक ने एसपी को पत्र लिख चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को दिए पत्र में कोठीभार थानाक्षेत्र के पैकौली निवासी कुंवर सिंह ने कहा है कि बृहस्पतिवार शाम 7 बजे हास्पिटल रोड स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा खरीद रहा था तभी सिसवा चौकी प्रभारी सतीश सिंह अपने दो सिपाहियों उमाशंकर सिंह और अजय सिंह के साथ आए और भद्दी-भद्दी गाली देने लगे। विरोध किया तो चौकी इंचार्ज और दोनों सिपाही उसे खींच कर सड़क पर लाए और सरेआम पीटने लगे।
आस पास के लोगों ने बीच बचाव की कोशिश की तो चौकी इंचार्ज ने उन्हें गाली देकर भगा दिया। पिटाई के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी वहीं गिर गई। किसी तरह भाग कर उसने अपनी जान बचाई। चौकी प्रभारी सतीश कुमार सिंह का कहना है कि जुआ खेलने की सूचना पर वह वहां पहुंचे तो वहां एक बाइक पर चार लोग बैठ कर हंगामा कर रहे थे। बाइक का चालान कर दिया तो वह व्यक्ति झूठा आरोप लगा रहा है। पिटाई की बात पूरी तरह झूठी है।