कोतवाली देहात के नई मंडी चौकी क्षेत्र के हसनपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर के मोहल्ला चांदपुर निवासी दिनेश अपनी पत्नी रेखा (30) और पांच वर्षीय पुत्र दर्शन के साथ अपने ससुराल गांव जरिया आलमपुर से लौट रहा था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे ससुराल से लौटते समय बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर स्टेट हाईवे स्थित गांव हसनपुर के पास तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपत्ति को कुख्ल दिया।
जिसमें रेखा और दर्शन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
ट्रक ने मारी टक्कर बाइक सवार की मौत
बुलंदशहर (ब्यूरो)। बाइक पर जा रहे युवक को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई ने ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कैलाशपुरी निवासी मनीष(20) पुत्र स्व. महेंद्र सिंह राघव शुक्रवार सुबह कालाआम से भूड़ चौराहे की ओर जा रहा था।
जब वह राना हॉस्पिटल के पास पहुंचा तो पीछे से एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनीष काफी दूर जाकर गिरा । उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि मनीष के भाई विजय कुमार की तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बस ने कुचला, एक की मौत
नरौरा। नरौरा-डिबाई मार्ग पर रोडवेज बस ने किनारे पर खड़े होकर बात रहे किसान और दो महिलाओं को कुचल दिया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोनों महिलाएं घायल हो गईं।
पुलिस ने बताया कि नेशनल हाईवे पर बाजितपुर रजवाहे के निकट खलील उर्फ कल्लू पुत्र मुंशिफ अली लगभग 40 वर्ष निवासी औरंगाबाद कसेर थाना डिबाई बाइक रोक कर अपने परिवार की महिलाओं अंजुम (40) और शाहना (25) से बात कर रहे थे। तभी नरौरा से डिबाई की ओर जा रही खुर्जा डिपो की रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया।
कार ने छात्रों को टक्कर मारी, एक गंभीर
स्याना। गढ़ रोड स्थित पब्लिक इंटर कालेज के छात्र रोहित एवं मनीष एनसीसी की परेड करने कालेज जा रहे थे। इसी दौरान गढ़ की ओर से आ रही सेंट्रो कार ने छात्रों को टक्कर मार दी। रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मनीष के पैर व कमर में चोट आई। कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।