सोनौली। घर से अपनी पत्नी और बच्चे को लेकर नौतनवा मेला देखने निकले युवक का शव सोनौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा लक्ष्मीनगर के टोला खजुरिया के पास रोहिन नदी में पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार की सुबह मृतक के पिता रामजीत ने सोनौली के कोतवाल सोनकर बाबू को सूचना दी कि बुधवार की देर शाम से गायब संतोष कुमार (35) की लाश रोहिन नदी में उतराई है। सूचना पर कोतवाल दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया। जांच में उसके शरीर पर किसी तरह के चोट के कोई निशान नहीं पाए गए।
बताया गया है कि मृतक संतोष पुत्र रामजीत नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खैरटवा का निवासी है। उसने दो शादी कर रखी है। बुधवार को दूसरी पत्नी को साथ लेकर मेला देखने निकला और रात में पत्नी को एक मित्र के घर छोड़ कर थोड़ी देर में वापस लौटने की बात कह कर चला गया। लेकिन देर रात नहीं लौटा तो पत्नी सुबह घर गई और परिजनों को इसकी जानकारी दी। काफी तलाश के बाद नदी में उसका शव उतराने की सूचना मिली। इस संबंध में कोतवाल सोनौली सोनकर बाबू ने बताया कि रोहिन नदी में लाश मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।